दिल्ली को बेहाल छोड़ शीला गई विदेश (अंक - 40)
May 12th, 2007 by admin
नई दिल्ली। ‘रोम जल रहा था और वहां का राजा नीरो बांसुरी बजा रहा था।’ इसी का अनुसरण करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित गर्मी में बिजली किल्लत से बेहाल और उनके कथन का भारी विरोध कर रहे नागरिकों को छोड़कर अमेरिका चली गई हैं। उनके साथ प्रधान सचिव पी.के. त्रिपाठी व निजी सचिव संदीप मिश्रा भी गए हैं। हालत यह है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती दीक्षित सभी चिंताओं से मुक्त होकर विदेश सैर करने के लिए तो चली गई हैं, मगर उन्हीं का अनुकरण करते हुए मंत्री डा. अशोक कुमार वालिया भी आस्ट्रेलिया कूंच कर गए हैं। उनकी इस यात्रा से यह आभास होता है कि उन्हें भी श्रीमती दीक्षित की तरह दिल्ली की जनता का कोई खास खयाल नहीं है।दिलचस्प बात तो यह है कि शीला दीक्षित अपने निजी स्टाफ के साथ अमेरिका के लास एंजेल्स शहर में आयोजित जिस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गई हैं उसमें दुनिया के देशों के महापौर को वातावरण में आ रहे बदलाव पर चर्चा करने के लिए आमंत्रित किया गया है। महापौर के सम्मेलन में तो दिल्ली के महापौर को ही भाग लेने के लिए जाना चाहिए था। मगर ऐसा लगता है कि दिल्ली सरकार ने लास एंजेल्स में होने वाले कार्यक्रम की भनक नगर निगम को लगने ही नहीं दी और इसके लिए मुख्यमंत्री के विदेश दौरे का कार्यक्रम बनावा दिया। हालांकि इस संबंध में नगर निगम केञ् प्रवख्ता दीप माथुर का कहना है कि अधिकारिक तौर पर उन्हें इस तरह का निमंत्रण प्राप्त होने की कोई जानकारी नहीं है। आयोजकों ने निमंत्रण सीधे तौर पर महापौर कार्यालय में भेजा होगा या नहीं इस बारे में वह कुछ नहीं कह सकते। मुख्यमंत्री ऐसे समय में विदेश यात्रा पर गई हैं जब गर्मी में बिजली किल्लत के कारण जनता की हालत देखकर सर्वोच्च न्यायालय ने कड़ी फटकार लगाते हुए इस संबंध में दिल्ली सरकार से कैफियत मांगी है। अभी यह मामला ठंडा भी पड़ा नहीं था कि बिहार व उत्तर प्रदेश से आने वाले प्रवासियों के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर शीला दीक्षित विवाद में फंस गई। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर न केवल आम नागरिकों ने जबरदस्त विरोध किया बल्कि कांग्रेस आलाकमान ने भी उन्हें आड़े हाथों लेकर माफी मांगने का आदेश दिया। जिस पर मुख्यमंत्री को इस टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने पर मजबूर होना पड़ा। अभी यह विवाद थमा भी नहीं है कि वह अमेरिका के लिए रवाना हो गई। उनके ऐसे समय में विदेश यात्रा पर जाने को लेकर राजनीतिक हल्कों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।